जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही अभिनीत मौर्य रहे विशिष्ट अतिथि, क्रीड़ा अधिकारी ने किया सम्मानित




पर्वतारोही अभिनीत की उपलब्धियां युवाओं के लिए प्रेरणा - जिला क्रीड़ा अधिकारी मंजू शर्मा। स्पोर्ट्स स्टेडियम हरदोई में रविवार को जिला खेल कार्यालय द्वारा आयोजित जूनियर वर्ग की जिला स्तरीय वॉलीबॉल एवं बास्केटबॉल (बालक/बालिका) प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही अभिनीत मौर्य को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया, जहां उनकी उपस्थिति से खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे जिला क्रीड़ा अधिकारी मंजू शर्मा की देखरेख में हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं खेल संस्थानों के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोही अभिनीत मौर्य ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, साहस और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। उन्होंने अपने पर्वतारोहण के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य प्राप्त करने की प्रेरणा दी और खेलों के माध्यम से देश व जिले का नाम रोशन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान जिला क्रीड़ा अधिकारी मंजू शर्मा द्वारा अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोही अभिनीत मौर्य को सम्मानित भी किया गया तथा उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई । उन्होंने कहा कि अभिनीत मौर्य की उपलब्धियां जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनसे प्रेरणा लेकर युवा खेल एवं अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ सकते हैं। माउंट केन्या पर चढ़ाई करने वाले प्रथम भारतीय पर्वतारोही हैं अभिनीत मौर्य। 

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खेल प्रशिक्षक, सैकड़ों खिलाड़ी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

अधीनस्थ क़ृषि सेवा संघ उ. प्र.का अधिवेशन हुआ संपन्न

उल्लास उमंग व देशभक्ति की भावना के साथ जनपद हरदोई में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया

विश्व पर्यावरण दिवस पर लखनऊ में कहाँ हुआ वृहद वृक्षारोपण